Logo
ब्रेकिंग न्यूज़
अवैध वसूली का प्रतिदिन लाखों रूपया गटक रहा है आबकारी विभाग व ठेकेदार, जिम्मेदार बने अन्जान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के बस्ती आगमन पर हुए खर्च का नटवरलाल स्टेनो ने विभाग मे शुरू किया अवैध वसूली ... बिना न्यूरो सर्जन के डा0 प्रमोद चौधरी ने किया महिला के सिर का आपरेशन, हो गयी थी मौत वाह रे स्वास्थ्य विभागं........गोरखपुर लखनउ दिल्ली से अल्ट्रासाउंड करने प्रतिदिन बस्ती आते हैं कथित ... गैंगरेप के आरोपियों को नगर पुलिस दे रही है खुला संरक्षण नशेडियों व अपराधियों के आगे नतमस्तक हुई पुरानी बस्ती पुलिस, एक माह के बाद भी नही दर्ज हुआ मुकदमा मरीजों के जीवन के लिए वरदान साबित हो रहा है मरियम हार्ट एवं मल्टीस्पेशलटी हास्पिटल इंस्पेक्टर शांशक शेखर राय ने संभाला थाना पुरानी बस्ती का कार्यभार रेलवे स्टेशन पर लोगों से मारपीट करने वाले दो अराजक तत्व गिरफ्तार अराजकता व अपराध के आग मे झुलस रहा है बस्ती का रेलवे स्टेशन

कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत की स्थिति कई विकसित देशों से बेहतर: हर्षवर्धन

नई दिल्लीः केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत की स्थिति सभी मापदंडों पर कई विकसित देशों से कहीं बेहतर है। उन्होंने देश में महामारी को मात देने वालों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि और मृत्यु दर में तेजी से आ रही कमी को रेखांकित किया। हर्षवर्धन ने कहा कि यह सभी संगठनों और देश के नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने ‘कोविड-19 : उद्योग के लिए सुरक्षित कार्यस्थल दिशा-निर्देश’ विषय पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री संतोष गंगवार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक पुस्तिका का विमोचन किया।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने हर्षवर्धन के हवाले से एक बयान में कहा कि ये दिशा-निर्देश औद्योगिक कामगारों के कल्याण में मदद करेंगे। दिशा-निर्देश कोविड-19 संबंधी जोखिम की पहचान में मदद के लिए नियोक्ताओं और कामगारों के लिए समग्र योजना निर्देश के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार कामगारों के कल्याण के लिए कटिबद्ध है। देश के आर्थिक गतिविधियां शुरू करने की तरफ बढ़ने के साथ ही यह महत्वपूर्ण है कि औद्योगिक परिसरों के भीतर दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। हर्षवर्धन ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से रोकथाम, सावधानी और सकारात्मक दृष्टिकोण कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मदद करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड-19 की स्थिति के संबंध में कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सभी मानकों में भारत कई विकसित देशों से कहीं बेहतर स्थिति में है। ठीक होने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि और मृत्यु दर में लगातार कमी ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा अपनाई गई कोविड-19 रोकथाम रणनीति की सफलता साबित की है। यह सभी संगठनों और देश के नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।” उन्होंने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए ईएसआईसी अस्पतालों की सराहना की।

बयान में कहा गया कि मंत्री ने दोहराया कि जब तक महामारी का टीका नहीं आता तब तक मास्क या फेस कवर के रूप में, हाथों की स्वच्छता और भौतिक दूरी के रूप में ‘सामाजिक टीके’ का पालन किया जाना जरूरी है। इस अवसर पर संतोष गंगवार ने कहा कि औद्योगिक कामगारों की सुरक्षा के लिए ये दिशा-निर्देश लोगों को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि हम खुद को वर्तमान स्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार करें और कोविड से बचने के कदमों के बारे में जागरूकता फैलाएं।”